चिकित्सा शिक्षा निदेशालय में दिनेश रावत और विनोद नैनवाल को PRO की जिम्मेदारी
देहरादून। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जनसंपर्क और विभागीय समन्वय को मजबूत करने के लिए दो अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में तैनात दिनेश रावत और विनोद नैनवाल को चिकित्सा शिक्षा निदेशालय का जनसंपर्क अधिकारी (PRO) नियुक्त किया गया है।
निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना की ओर से शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किया गया। नई जिम्मेदारी के तहत दोनों अधिकारी प्रदेश के मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेजों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ विभागीय गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे।
इसके अलावा छात्रों और मरीजों से जुड़े विषयों को प्रभावी तरीके से सामने रखने तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की उपलब्धियों और गतिविधियों के प्रचार-प्रसार में भी दोनों अधिकारियों की भूमिका रहेगी।
नई जिम्मेदारी के बावजूद दिनेश रावत और विनोद नैनवाल दून अस्पताल में अपने मूल दायित्वों का भी निर्वहन करते रहेंगे। विभाग के अनुसार दोनों जिम्मेदारियों के जरिए चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और संबंधित संस्थानों के बीच संवाद एवं समन्वय को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा।
