uttarakhand

सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट जारी, 85.20% स्टूडेंट्स हुए सफल

सीबीएसई 12वीं में छात्राओं का दबदबा, लड़कों से 6.73% आगे रहीं

देहरादून। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम बुधवार को जारी कर दिया है। रिजल्ट जारी होते ही देशभर के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया। छात्र अब अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट, डिजीलॉकर, उमंग ऐप, एसएमएस और आईवीआरएस के माध्यम से देख सकते हैं। इस वर्ष सीबीएसई 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल के बीच आयोजित की गई थीं।

इस बार सीबीएसई 12वीं का कुल पास प्रतिशत 85.20 दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 88.39 प्रतिशत की तुलना में 3.19 प्रतिशत कम है। बोर्ड के अनुसार 15,07,109 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की। वहीं, लगभग 17 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। सीबीएसई ने इस वर्ष पहली बार मूल्यांकन प्रक्रिया में ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू किया।

परिणामों में एक बार फिर छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। छात्राओं का पास प्रतिशत 88.86 रहा, जबकि 82.13 प्रतिशत छात्र सफल हुए। इस तरह लड़कियों ने लड़कों से 6.73 प्रतिशत अधिक सफलता हासिल की।

देहरादून रीजन का प्रदर्शन भी इस बार चर्चा में रहा। उत्तराखंड के 13 और उत्तर प्रदेश के 8 जिलों को शामिल करने वाले देहरादून रीजन में कुल 81.42 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। देशभर के 22 रीजन में देहरादून को 17वां स्थान मिला है। इस रीजन में 1285 विद्यालयों के 97 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। छात्राओं का पास प्रतिशत 85.84 और छात्रों का 77.92 दर्ज किया गया।

सीबीएसई ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी तैयार रखें। छात्र cbse.gov.in, results.cbse.nic.in, DigiLocker और UMANG प्लेटफॉर्म पर जाकर परिणाम देख सकते हैं।

बोर्ड के अनुसार 12वीं में उत्तीर्ण होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। यदि कोई छात्र एक या दो विषयों में असफल होता है तो वह कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होकर इसी वर्ष परीक्षा पास कर सकता है। कंपार्टमेंट परीक्षाओं का आयोजन जून में किया जाएगा, जबकि आवेदन प्रक्रिया रिजल्ट जारी होने के बाद शुरू होगी।