uttarakhand

बागेश्वर में बड़ा हादसा: गोमती नदी में गिरी स्कूटी, 25 वर्षीय युवक का शव बरामद

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिर गई, जिससे एक युवक लापता हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने गोमती नदी में तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी के साथ युवक का शव भी बरामद कर लिया। हादसे के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ब्यानगढ़ के समीप रात के समय एक स्कूटी अनियंत्रित होकर गोमती नदी में जा गिरी। हादसे के बाद स्कूटी सवार युवक का कोई पता नहीं चल पाया। घटना की सूचना थाना बागेश्वर को दी गई, जिसके बाद एसडीआरएफ को तलाश अभियान के लिए रवाना किया गया।

हेड कांस्टेबल दिनेश पुरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गोमती नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान टीम ने नदी में तलाश करते हुए दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और युवक का शव बरामद कर लिया।

मृतक की पहचान मोहित मेहरा (25 वर्ष), पुत्र मोहन सिंह, निवासी अरोड़, रानीखेत के रूप में हुई है। एसडीआरएफ के जवानों ने शव को नदी से बाहर निकालने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।