देहरादून में श्रद्धा के साथ मनाया गया शिरोमणि शहीद ऊधम सिंह काम्बोज का 126वां जन्मदिवस
देहरादून। दून काम्बोज सभा के तत्वावधान में शिरोमणि शहीद ऊधमसिंह काम्बोज का 126वां जन्मदिवस एवं श्री गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज के साहिबजादों का शहीदी सप्ताह श्रद्धांजलि कार्यक्रम के रूप में मनाया गया। यह आयोजन उधम सिंह काम्बोज पार्क, मोथरोवाला, देहरादून भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धर्मपुर विधानसभा के माननीय विधायक श्री विनोद चमोली जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दून काम्बोज सभा के अध्यक्ष सुरेन्द्र काम्बोज द्वारा शहीद उधम सिंह काम्बोज एवं साहिबजादों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए शहीदों के बलिदान को नमन किया।
सभा के सचिव सुमित काम्बोज ने दून काम्बोज सभा की सामाजिक गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी दी तथा शहीद उधम सिंह काम्बोज एवं साहिबजादों के जीवन और बलिदान पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि विधायक विनोद चमोली ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दून काम्बोज सभा के प्रयासों की सराहना की और कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों का जीवन समाज को राष्ट्रभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर दून काम्बोज सभा द्वारा माननीय विधायक को एक मांग पत्र भी सौंपा गया, जिसमें उधम सिंह काम्बोज चौक के जीर्णोद्धार एवं वहां शहीद शिरोमणि उधम सिंह काम्बोज की प्रतिमा स्थापना की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ज्ञान प्रकाश काम्बोज, रजनीश कुमार सिंह काम्बोज, सुखपाल काम्बोज, पंकज काम्बोज, मोहित काम्बोज, अशोक काम्बोज, विजय काम्बोज, राजेश काम्बोज (नीटू) सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
