धर्मपुर में श्रीमद्भागवत कथा का चौथा दिन सम्पन्न
देहरादून। धर्मपुर स्थित सिद्ध शिव मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन सोमवार को धाम वृंदावन से पधारे पूज्य वागीशजी महाराज (श्रद्धेय मारुति नंदन) ने कथा प्रवचन दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “भगवान भक्तों के अधीन रहते हैं, जब भक्त पुकारते हैं तो भगवान तुरंत उनकी सहायता के लिए आते हैं।”
महाराज जी ने जीवन में सरलता को सफलता का आधार बताते हुए कहा कि बच्चों को सत्संग से जोड़ना आवश्यक है। सत्संग से जीवन में सकारात्मकता आती है और दुर्व्यसन, कुसंग एवं कुमार्ग से बचाव होता है। कथा के दौरान व्यास पीठ से गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन और वामन अवतार प्रसंग का वर्णन किया गया।
कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन भी हुआ, जहां भजनों और कीर्तन से पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा। संचालन कर रहे श्री सीताराम भट्ट ने सभी भक्तों को जन्मोत्सव की बधाई दी और आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर यजमान परिवार अरुण सती, सरला माता, सरोज आहुजा, सुरेंद्र गुप्ता, सारिका गुप्ता, रमेश हुरला, विवेक शर्मा, अनुज शर्मा (एडवोकेट), आत्माराम शर्मा, मदन हुडला सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
कथा में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ और मेयर सुनील उनियाल ‘गामा’ शामिल हुए। इसके अलावा युवराज श्रीधर आचार्य, आचार्य अरुण सती, भरत आचार्य, सुरेंद्र शास्त्री, शिव स्वरूप नौटियाल, समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी कथा श्रवण किया।
